स्वरूपनगर थाना क्षेत्र में डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर कारोबारी से 20 लाख रुपये की ठगी हुई। पीड़ित ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्वरूपनगर स्थित आरके अपार्टमेंट में अर्थली पावर सॉल्यूशंस एलएलपी फर्म के हरप्रीत सिंह पार्टनर हैं। उन्होंने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी बातचीत पीयूआर एनर्जी लिमिटेड के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर प्रभुदास रेड्डी कांडी और निखिल से हुई थी।
आरोप है कि दोनों ने 20 लाख रुपये में डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने और मशीनों पर 22 प्रतिशत कमीशन का लालच दिया। उन्होंने बीते साल 21 अगस्त को आरटीजीएस के जरिये 20 लाख रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के 45 दिन बाद भी न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेटर मिला और न ही मशीनें। आरोपियों ने और 80 लाख रुपये मांगे। इन्कार करने पर कंपनी के शाहरुख, रोहित बडेरा और निशांत डोगरी से बात कराई। बीती 30 सितंबर को अपने 20 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए हत्या की धमकी दी। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि मैनेजर प्रभुदास रेड्डी कांडी, निखिल और रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।