रुपयों को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी को दो थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज होकर महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। उधर, महिला के पिता ने अपने दामाद पर नशे पर मारपीट करने और मारपीट कर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के रामविशाल का पुरवा निवासी शिवप्रसाद ने बताया कि उसकी बहू बीनू देवी (37) ने शनिवार को सुबह घर की अटारी से बांस की बल्ली से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी।
ससुर ने बताया कि सुबह के समय बीनू का उसके पति विनोद कुमार से घरेलू खर्च के रुपये को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े में विनोद ने बीनू को दो थप्पड़ भी मार दिए। इससे नाराज होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। उधर, मायके चित्रकूट के धौरही गांव निवासी पिता शिवचंद्र ने बताया कि शादी के 15 साल हो गए। उनका दामाद विनोद अक्सर शराब के नशे में उसकी बेटी बीनू के साथ मारपीट करता था। घटना के दिन भी विनोद ने नशे में उसके साथ मारपीट कर मार दिया और उसका शव फंदे से लटका दिया। अतर्रा कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। पिता के आरोपों की जांच की जा रही है।