अक्षय तृतीया पर कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के सराफा बाजार में उत्साह देखा जा रहा है। ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) ने कानपुर में पर्व के दिन 150 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 3000 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के कारोबार का अनुमान लगाया है। पर्व के एक दिन पहले सोने-चांदी के भावों में तेजी देखने को मिली।
चांदी का भाव प्रति किलो, 2,60,000 और सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 157,000 हो गया। एआईजेजीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि देशभर में अनुमानित 20,000 करोड़ रुपये के कुल कारोबार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 15 फीसदी रहने की संभावना है। कानपुर की हिस्सेदारी प्रदेश के कुल व्यापार का पांच फीसदी रहने का अनुमान है। हालांकि कीमतें अधिक होने से ग्राहक अब भारी गहनों के बजाय शगुन के तौर पर हल्के वजन की ज्वैलरी और सिक्कों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल के मुकाबले सोने के भाव में 60 फीसदी और चांदी में 165 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है। बीते वर्ष 30 अप्रैल को सोना 98,000 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 98,300 रुपये किलो थी।