फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: सराफा व्यापारी को स्कूटी से गिराकर पीटा, जेवर-नकदी सहित चार लाख की लूट, पुलिस सीमा विवाद में उलझी

Tue, 29 Jul 2025 08:37 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी को लूट लिया गया। छह बदमाशों ने उन्हें पीटा और स्कूटी, जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने स्कूटी बरामद कर ली है और मामले की जांच के लिए छह टीमें लगाई गई हैं, जबकि शुरुआत में थाने सीमा विवाद में उलझ गए थे।
विज्ञापन
व्यापारी के साथ हुई लूट प्रकरण में घटनास्थल पर पीड़ित से जानकारी लेते डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में महाराजपुर के टौंस इलाके से सोमवार शाम दुकान बंदकर घर लौट रहे सराफा व्यापारी को दो बाइकों से आए छह बदमाशों ने पीटा और स्कूटी, जेवर-नकदी लूट ले गए। व्यापारी के अनुसार, स्कूटी की डिकी में साढ़े तीन लाख के जेवर और 40 हजार रुपये थे। राहगीरों की मदद से व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी तो मौके पर आए पुलिसकर्मी महाराजपुर और नर्वल थाने के सीमा विवाद में उलझ गए।

विज्ञापन

इसके बाद में अधिकारियों के दखल के बाद महाराजपुर थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज हुई है। लूट की सूचना पर डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित से जानकारी ली। वहीं, आदर्श व्यापार मंडल कानपूर पूर्वी के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा संग मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। चकेरी के शक्तिपुरम निवासी सराफा व्यापारी अनिल वर्मा की महाराजपुर के टौंस चौराहे पर यादव ज्वैलर्स नाम से दुकान है।

दो बाइकों पर आए छह युवकों ने की लूट
अनिल ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह दुकान बंदकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। टौंस-तिलसहरी मार्ग पर घाटूखेड़ा के पास सामने से दो बाइकों पर छह युवक आए। उनमें से सफेद रंग की अपाचे बाइक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उन्हें जमकर पीटा और उनका मोबाइल और स्कूटी छीन ली।

हाथ और सिर में चोटें आईं
इसके बाद एक शातिर ने उनकी स्कूटी चलाई और दूसरा पीछे बैठ गया। इसके बाद सभी टौंस की ओर भाग निकले। स्कूटी की डिकी में बैग था। इसमें करीब साढ़े तीन लाख के सोने व चांदी के गहने और करीब 40 हजार रुपये नकद और दुकान की चाबियां थीं। पिटाई से उनके हाथ और सिर में चोटें आईं हैं। पुलिस ने उनका मेडिकल भी कराया है। घटना के बाद क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक ने भी मौके पर पहुंच जांचकर साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन

घटनास्थल से 13 किमी दूर मिली स्कूटी
सराफ के मुताबिक उनकी नीले रंग की स्कूटी में जीपीएस सिस्टम लगा है। स्टार्ट करने पर पासवर्ड मांगती है। पुलिस ने इसी जीपीएस सिस्टम की मदद से उसे नर्वल मोड़ से बरामद कर लिया। हालांकि लुटेरे डिकी तोड़कर बैग निकाल ले गए। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए छह टीमें लगाई गईं हैं। फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल भी सर्विलांस पर लगा दिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें