शास्त्रीनगर निवासी सुरेश चंद्र ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण की शिकायत करने पर ठेकेदार ने घर की बाउंड्री और गेट तोड़ दिया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। उधर, नगर निगम ने ठेकेदार को नोटिस दिया है। शास्त्रीनगर स्थित ब्लाॅक संख्या 455 से 452 की तरफ नगर निगम करीब सवा सौ मीटर लंबी सड़क और नाली बनवा रहा है। 424/9 निवासी आरटीआई कार्यकर्ता सुरेश चंद्र ने नाली में पीली ईंटें और घटिया इंटरलाकिंग टाइल्स बिछाने का आरोप लगाते हुए नगर निगम के अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक से शिकायत की। उनका आरोप कि इसकी शिकायत करने पर ठेकेदार विनय गुप्ता ने उनके घर की बाउंड्री और गेट तोड़ दिया।
विज्ञापन
उधर, नगर निगम जोन - 6 के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस देने के साथ ही जांच शुरू कर दी है। वहीं, ठेकेदार विनय गुप्ता का कहना है कि सुरेश चंद्र ने श्रमिक विभाग की काॅलोनी से आगे बढ़ाकर बाउंड्री और उसके आगे नाली के ऊपर चरही बनाई थी। आरोप लगाया कि बाउंड्री जर्जर थी। जेसीबी से नाली खोदाई और मिट्टी निकालते समय चरही में बकेट लगने से गेट, बाउंड्री हल्की क्रेक हुई। इसके बाद उन्होंने खुद ही बाउंड्री और गेट तुड़वा दिया। गुणवत्ता की जांच अधिकारी करें। यदि दोषी हूं तो सजा दें।