प्रदेश के कानून व्यवस्था की नजीर पूरे देश में दी जाती
बंगाल में जिस तरह से अराजकता, भ्रष्टाचार और परिवारवाद हावी था, उससे नाराज जनता ने टीएमसी को सबक सिखाया। उत्तर प्रदेश की जनता भी जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और माफियावाद को दोबारा पनपने नहीं देगी। जनता देख और समझ चुकी है कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश का हाल कैसा था और उसके बाद स्थिति कैसी है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि यहां की कानून व्यवस्था की नजीर पूरे देश में दी जाती है।
इंडी गठबंधन में जल्द बड़ी दरार पड़ेगी
चुनाव नजदीक आते देख कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश करेंगे, तो कानून उनसे सख्ती से निपटेगा। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, एमएलसी सलिल बिश्नोई, एमएलए सुरेंद्र मैथानी व नीलमा कटियार, उत्तर इकाई के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन में जल्द बड़ी दरार पड़ेगी और वह बिखर जाएगा।
पीडीए के नारे को भाजपा ही खत्म करेगी
तमिलनाडु में सत्ता की खातिर कांग्रेस ने अपने 40 साल पुराने दोस्त डीएमके का साथ छोड़ दिया। झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। इंडी गठबंधन का भविष्य बहुत उज्जवल नहीं है। उत्तर प्रदेश में सपा के पीडीए के नारे को भाजपा ही खत्म करेगी। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां पिछड़े, दलितों, वंचितों और अगड़ों सभी का सम्मान है। अयोध्या के राम मंदिर के दान के पैसे को लेकर जारी आरोप-प्रत्यारोप के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह सरकार का विषय नहीं है। वह ट्रस्ट का विषय है। ट्रस्ट जांच करा रहा है।
देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की
पंकज चौधरी ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पद्मश्री अशोक साहू के आवास पर प्रबुद्धजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। मोदी सरकार का पारदर्शी शासन, मजबूत अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना के विकास ने भारत को विश्व में नई पहचान दी है। उधर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रधानमंत्री पद पर लगातार सेवा करते रहने का नया कीर्तिमान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थापित करेंगे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि मंदिरों और मठों में विशेष पूजा-पाठ का आयोजन भाजपा की ओर से किया जाएगा।