कानपुर में एसओजी टीम ने फर्जी दस्तावेज के सहारे फाइनेंस पर बाइक लेने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को पनकी इंडस्ट्रियल एरिया से दबोच लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 14 स्कूटी व दो बाइक बरामद की हैं। आरोपी बाइकों को कम दामों पर बेच देते थे।
डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि नौबस्ता निवासी अमन गुप्ता, नजीराबाद निवासी शुभम सिंह उर्फ कुनाल, गोविंदनगर निवासी आशीष द्विवेदी व जरीब चौकी नूर मोहम्मद का हाता निवासी शिवम मौर्या को पकड़ा गया है। जालसाज बैंक कर्मियों की मिलीभगत से शोरूम पर जाकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे फाइनेंस पर बाइक खरीद लिया करते थे। इसके बाद उसे कम दामों में बेच दिया करते थे।
प्राइवेट बैंकों में करते थे जॉब, मिलीभगत का शक
पकड़े गए जालसाजों में से शुभम सिंह व आशीष द्विवेदी प्राइवेट बैंकों में पहले वाहन फाइनेंस कराने का काम करते थे। शिवम मौर्या और अमन गुप्ता ग्राहकों को यह लालच देते थे कि 90 हजार रुपये की गाड़ी 70 हजार रुपये में ऑनरोड आ जाएगी।