कानपुर में केडीए के बाबू विकास भारती पर डेढ़ लाख रुपये घूस मांगने का आरोप आवंटी ने लगाया है। आवंटी गीता सिंह के मुताबिक विकास ने प्लॉट आवंटन की धनराशि में पांच प्रतिशत छूट दिलाने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे। उन्होंने केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल से विकास की शिकायत की। शिकायती पत्र के साथ साक्ष्य के रूप में ऑडियो रिकार्डिंग भी सौंपी।
वीसी ने बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए वित्त अधिकारी को इस मामले की जांच सौंपी है। बाबू फाइलें अटकाए रखने पर एक साल पहले भी निलंबित हुआ था। केडीए में आयोजित जनता दर्शन में गीता ने केडीए उपाध्यक्ष को बताया कि उन्हें शताब्दीनगर फेज-3, बी-ब्लॉक में प्लॉट संख्या-106 आवंटित हुआ था। इसका क्षेत्रफल 112.50 वर्गमीटर है।