कानपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने दीनू उपाध्याय के साथी धर्मेंद्र सिंह उर्फ धर्मू को फतेहपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसका नाम हरबंशमोहाल थाने में पिछले वर्ष प्लॉट पर कब्जा करने, धमकी देने, दंगा करने जैसी धाराओं में हुई एफआईआर में जोड़ा गया था। उसके खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बसपा नेता पिंटू सेंगर की हत्या में सोनभद्र की जेल में बंद धीरज उपाध्याय उर्फ दीनू और उसके साथियों पर करीब 16 मुकदमे हैं। इसमें मारपीट, हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने, जमीन पर कब्जा करने, धमकी देने का आरोप है। यह रिपोर्ट नवाबगंज, ग्वालटोली, नौबस्ता, सीसामऊ, बिधनू, चकेरी, हरबंशमोहाल थाने में दर्ज हुईं हैं।
फतेहपुर से गिरफ्तार हुआ धर्मेंद्र सिंह उर्फ धर्मू
क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस के आधार पर दीनू के भतीजे मनु उपाध्याय और नारायण भदौरिया के भाई दिनेश भदौरिया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गुरुवार को पुलिस और स्वॉट टीम ने धर्मेंद्र सिंह उर्फ धर्मू को फतेहपुर के औंग थानाक्षेत्र के दुर्गागंज से गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी क्राइम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है।
प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप
हरबंशमोहाल थाने में पांच दिसंबर 2024 को छावनी निवासी हरवीर सिंह ने कमलेश सिंघट, आरके शर्मा, शकील अहमद, फहीम अहमद, रामचंद्र और उसके बेटे समेत पांच-छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उनके प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश, मजदूरों से मारपीट करने और धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने बाद में धर्मेंद्र सिंह का नाम जोड़ा था।
दीनू उपाध्याय को जेल भेजा गया
- फोटो : अमर उजाला
दीनू उपाध्याय के चार साथियों पर 20 हजार का इनाम घोषित
डीसीपी सेंट्रल कार्यालय ने विभिन्न मामलों के सात आरोपियों की सूची जारी की है। इन पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सूची में दीनू उपाध्याय के चार साथियों के नाम हैं। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि सभी सीसामऊ थाने के आरोपी हैं। इनके नाम परमट निवासी नीरज कुमार दुबे, नवाबगंज का संजय उपाध्याय, इटावा के बढ़पुरा निवासी दीपक जादौन, नवाबगंज का अनूप शुक्ला हैं। इनाम घोषित किए गए आरोपियों की सूची में नजीराबाद का रवि पांडेय, सीसामऊ का जनार्दन पांडेय, कर्नलगंज का रामचंदर पासवान भी है।
सभी जोन के साथ क्राइम ब्रांच की टीम लगाई
पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के निर्देश पर दीनू उपाध्याय के साथियों और पुराने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। सभी जोन की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम लगाई गई है। इसमें साइबर क्राइम, स्वॉट और अन्य विंग शामिल हैं। डीसीपी क्राइम के मुताबिक, फरार आरोपियों के दूसरे शहर में छिपे होने की आशंका है। पुलिस की टीमें तलाश कर रही हैं।
इंदीवर वाजपेई
- फोटो : amar ujala
हम अधिवक्ताओं के साथ हैं, पुलिस अपना काम कर रही है, कानून अपना काम करेगा। जो भी अधिवक्ता हित में उचित होगा वह किया जाएगा। महामंत्री जी शहर से बाहर गए हुए हैं। उनके लौटने पर सोमवार को बैठक कर कार्यकारिणी से विचार-विमर्श के बाद रणनीति तय की जाएगी। -इंदीवर वाजपेई, अध्यक्ष, बार एसोसिएशन