काकादेव थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर में नौ नवंबर को मकान पर कब्जे की पुरानी रंजिश को लेकर फाइनेंसकर्मी और भाजपा नेता पक्ष के बीच सड़क पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने क्रॉस प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों ओर से दर्ज मामलों में 12-15 लोगों को पुलिस ने आरोपी बनाया है।
शास्त्रीनगर निवासी फाइनेंसकर्मी प्रशांत दीक्षित ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि नौ नवंबर की रात करीब 11:45 बजे पारिवारिक भाई विक्रम तिवारी के साथ कार से घर लौट रहे थे। इस दाैरान रसिक यादव और अंकित चंदौली ने कार के आगे बुलेट लगाकर रोक ली और मकान पर कब्जा को लेकर विवाद शुरू कर दिया। फोनकर भाजपा नेता सर्वेश शुक्ला उर्फ बमबम को बुला लिया। आरोप है कि सर्वेश शुक्ला, राजीव मिश्रा, आरपी सिंह, उनका बेटा लवी उर्फ अभिषेक प्रताप सिंह, निखिल और तीन-चार अन्य लोगों ने दोनों को पीटा। उन्होंने 112 पर पुलिस को सूचना दी। झगड़े की जानकारी पाकर भाई विकास दीक्षित पहुंचा तो उसे भी पीट दिया।
प्रशांत का आरोप है कि मकान के विवाद को लेकर वर्ष 2017 से आरोपी रंजिश मानते हैं। मारपीट में चेन टूटकर गिर गई। वहीं, काकदेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि प्रशांत की तहरीर पर सर्वेश शुक्ला उर्फ बमबम, तनय शुक्ला, राजीव मिश्रा, आरपी सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ लवी, अंकित चंदौली, रसिक यादव और निखिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से रसिक यादव ने शिवम दीक्षित समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि वह अपनी मां की दवा लेने जा रहे था तभी शिवम और उसके साथियों ने रास्ते में नशे में रोककर मारपीट की। इसके सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हुए थे।