नवाबगंज स्थित नगर निगम स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को लगाए गए अमर उजाला के जनता ही जनार्दन शिविर में महापौर के समक्ष सर्वाधिक शिकायतें गृहकर की आईं। शिकायत आने पर महापौर ने नवाबगंज गुलियाना स्थित चट्टे पर छापा मारा तो वहां चोरी से 11 ई-रिक्शे चार्ज होते मिले। महापौर के निर्देश पर चट्टा संचालक मो. आकिब के खिलाफ केस्को की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
वार्ड-43 (नवाबगंज) स्थित नगर निगम स्वास्थ्य केंद्र में शिविर लगते ही शिकायतकर्ताओं का तांता लग गया। 95 फीसदी से ज्यादा शिकायतें गृहकर संबंधी आईं। भवन स्वामियों ने नगर निगम पर गृहकर बढ़ाकर भेजने का आरोप लगाया इस पर महापौर ने राजस्व निरीक्षक स्वाति सिंह से नाराजगी जताई। महापौर के साथ नगर निगम मार्ग प्रकाश विभाग के मुख्य अभियंता आरके पाल, जलकल विभाग जोन छह के अवर अभियंता सुशील कुमार मौर्या, अवर अभियंता भोलेशंकर पाल, नगर निगम जोन छह अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता अनिल यादव, मार्ग प्रकाश विभाग के अवर अभियंता अमन कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक चेतन कुमार सिंह, राहुल त्रिवेदी आदि ने लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
महापौर ने चट्टे पर मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
नवाबगंज गुलियाना निवासी रीता वर्मा ने नाले के ऊपर अवैध रूप से मकान बनने और इसकी वजह से नाले की सफाई न होने से जलभराव, मोहल्ले में अवैध रूप से संचालित चट्टे का गोबर नाले में बहाने की शिकायत की। इसी मोहल्ले की विजय लक्ष्मी ने उसके घर के सामने कूड़ा फेंके जाने, गंदगी की शिकायत की।
महापौर ने चट्टे पर मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
इस पर महापौर क्षेत्रीय पार्षद राजकिशोर, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों के साथ डीपीएस इंटर काॅलेज तिराहे पर स्थित अस्थायी कूड़ा अड्डा पहुंची और कूड़ा उठवाया। अस्थायी कूड़ाघर साफ कराते समय लोगों ने वहां कंटेनर रखवाने का आग्रह किया।
महापौर ने चट्टे पर मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
नाली में इंटरलाॅकिंग टाइल्स भरी देख सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को आड़े हाथों लिया। टाइल्स हटते ही पानी निकलने लगा। इसके बाद महापौर ने नवाबगंज गुलियाना स्थित आजम के चट्टे पर छापा मारा। वहां गंदगी के बीच 12 मवेशी बंधे थे।
चट्टे पर दोनों तरफ दीवारों में लटक रहे बिजली के तारों से 11 ई-रिक्शे भी चार्ज हो रहे थे। मोहल्ले के लोगों ने चट्टे में अवैध रूप से दिन-रात ई-रिक्शे चार्ज होने व हादसा होने की आशंका व्यक्त की। इस पर महापौर ने पार्षद से अवैध ई-रिक्शा सेंटर खत्म कराने के लिए केस्को को सूचित करने के लिए कहा।
शिविर में गृहकर की शिकायतें सबसे ज्यादा आईं। इन शिकायतों के लिए आठ जुलाई को दोबारा नगर निगम स्वास्थ्य केंद्र में शिविर लगेगा। जोनल अधिकारी रहेंगे। वह लोगों की समस्याएं सुनेंगी, उनका निवारण कराया जाएगा।- प्रमिला पांडेय, महापौर
पुराने मोहल्लों में घरों से कूड़ा नहीं उठता। गंदगी सड़कों में फैली रहती है। 90 और सफाई कर्मियों की जरूरत है। 10 साल से क्षतिग्रस्त मेड़ीखाना सुलभ शौचालय की मरम्मत करानी है। तमाम स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। - राजकिशोर यादव, पार्षद