नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने शुक्रवार को किशनपुर स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संपदा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौशाला की खाली जमीन मुक्त कराई जाएं, वहां नई गौशाला बनाने का प्रस्ताव बनाएं। कान्हा गौशाला में कुल 6254 गौवंश संरक्षित हैं। नगर आयुक्त ने पौधरोपण का निरीक्षण कर खुशी जताई] क्योंकि सभी पौधे सुरक्षित मिले। निर्देश दिए कि बाहर और भीतर किनारे-किनारे पौधरोपण कराएं। क्षतिग्रस्त और जर्जर शेडो के स्थान पर नए शेड लगवाए। वह एबीसी केंद्र भी पहुंचे। नगर आयुक्त ने पिटबुल जैसी आक्रामक नस्ल के लिए चेतावनी बोर्ड लगवाने निर्देश दिए। साथ ही, एबीसी केंद्र और कान्हा गौशाला के बीच स्थित द्वार को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, डाॅ. आरके निरंजन, ऋषिकेश व अन्य भी मौजूद रहे।
सफाई व्यवस्था का जाना हाल
शहर की सफाई व्यवस्था का हाल जानने शुक्रवार सुबह नगर आयुक्त सुधीर कुमार निरीक्षण पर निकले। वह वार्ड-100, किदवई नगर गए। इसके बाद वह वार्ड-45 पहुंचे। यहां गोपेश्वर ग्रीन गार्डन पार्क का निरीक्षण किया जहां स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत लगाए गए झूले सही हालत में मिले। नगर आयुक्त ने पार्क में वृक्षों की छंटाई-कटाई, स्वच्छता कार्य और पार्क के सुंदरीकरण के कार्य के निर्देश दिए। इसके बाद वह वार्ड-62 में पार्षद भवानी शंकर के आवास के पास पहुंचे। यहां बाहर खुले में कूड़ा मिला। इस पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर व जोनल स्वच्छता अधिकारी को तत्काल जेसीबी से कूड़ा उठान कराने को कहा। एक निर्धारित कूड़ा अड्डा स्थापित करने और खुले में कूड़ा न फेंके जाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।