मुख्यमंत्री को भेजे गए एक गुमनाम पत्र से गुमटी स्थित सरकारी बैंक की प्रमुख शाखा में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, शिकायकर्ता ने इस बैंक के दो अधिकारियों और इससे जुड़ी झांसी अंतिया ताल शाखा की एक महिला अधिकारी पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने कागजों पर चल रहीं इकाइयों को सीए की मदद से लोन बांट दिए।
अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर मुद्रा लोन भी दिए। एक महिला अफसर पर तो यहां तक आरोप लगाए हैं कि उन्होंने ट्रांसफर करने के लिए हार और चूड़ियां भी ली हैं। ई-मेल में बताया गया कि कानपुर स्थित कार्यालय में दो उच्च अधिकारी बैठते हैं। इन दोनों अफसरों की शह पर झांसी शाखा में तैनात महिला अफसर ने जमकर गड़बड़ियां कीं। 2019 में इस शाखा में आई महिला अफसर ने वित्तीय वर्ष 2020-21 में 8.04 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत किया। इसमें उन्होंने मुद्रा योजना में 1.83 करोड़ का लोन दिया। अपने अधिकार क्षेत्र से 1.04 करोड़ का अधिक लोन स्वीकृत किया।