पाकिस्तान और बांग्लादेश में 22 लाख ई-मेल आईडी बेचने वाले कानपुर निवासी अंकित शंखवार से एटीएस अब सात दिन तक पूछताछ करेगी। कोर्ट ने उसकी सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली है। मंगलवार से एटीएस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू करेगी। इस दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश में उसके संपर्कों, ई-मेल खरीदने वालों और भारत में इनका इस्तेमाल करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
एटीएस यह पता लगाएगी कि अंकित के नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका थी। पाकिस्तान और बांग्लादेश में वह किन लोगों के संपर्क में था, ई-मेल आईडी किसके लिए तैयार करता था और इसके बदले उसे कितनी रकम मिलती थी। इन सवालों के जवाब भी तलाशे जाएंगे। जांच एजेंसी यह भी पता करेगी कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल भारत में किसी धमकी या अन्य वारदात को अंजाम देने में तो नहीं किया गया।