नजीराबाद क्षेत्र में दुकान के सामने कार खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। व्यापारी कुलवंत सिंह कालरा ने कार सवार पर गालीगलौज करने, अभद्रता और पगड़ी पर हाथ डालकर उसे उतारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत नजीराबाद थाने में की गई है।
अशोकनगर निवासी कुलवंत ने दी तहरीर में बताया कि उनकी गुमटी नंबर पांच में रिटेल शॉप है। 14 अगस्त की शाम करीब चार से 4:30 बजे के बीच उसकी दुकान के सामने कार खड़ी कर दी गई थी। उन्होंने कार हटाने के लिए कहा। इस पर कार सवार ने गालीगलौज शुरू कर दी और खुद को नगर निगम का अधिकारी बताते हुए कार्रवाई कराने की धमकी दी। आरोप है कि विवाद के दौरान कार सवार ने उसकी पगड़ी पर हाथ डालकर उसे उतारने की कोशिश की। खुद को अधिकारी बताने वाले शख्स की पत्नी ने भी उनसे अभद्रता की।
मोबाइल छीनने का प्रयास किया। घटना की सूचना उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वह पीआरवी टीम के साथ नजीराबाद थाने गए। लिखित शिकायत दी। उन्होंने घटना का वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया। घटना और उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहे। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े वीडियो की जांच चौकी इंचार्ज से कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।