ट्रेनों के एसी कोच में गांजे की तस्करी के बाद अब जीआरपी ने अवैध रूप से हो रही शराब की तस्करी का भी भंडाफोड़ किया है। जीआरपी ने नई दिल्ली दरभंगा स्पेशल 02570 के थर्ड एसी कोच से महंगी शराब की 77 बोतलें बरामद की है। इन्हें दो ट्रॉली और एक पिट्ठू बैग से ले जाया जा रहा था। जीआरपी एस्कॉर्ट ने शराब को बी-सिक्स कोच से बरामद कर जीआरपी सेंट्रल के हवाले कर दिया।
नई दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों से बिहार के लिए शराब और बियर की तस्करी शुरू हो गई है। रविवार को जीआरपी थाने को नई दिल्ली दरभंंगा स्पेशल के बी-सिक्स कोच में शराब मिलने की सूचना आई। एसआई खालिद खान और हेड कांस्टेबल राजेंद्र कनौजिया और रवींद्र कुमार ने शराब को पकड़ा। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। कोच के यात्रियों से पूछताछ की गई है। जीआरपी दिल्ली से भी जानकारी मांगी है।