कानपुर में बर्रा निवासी एसिड अटैक पीड़िता ने राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर और डीसीपी साउथ को ट्वीट कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने ट्वीट कर कहा है कि वह भी देश की बेटी है, लेकिन उसे न्याय से दूर रखा गया है।
शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। केडीए कालोनी नौबस्ता निवासी पूजा बीते 28 नवंबर को सुबह घर के बाहर झाडू लगा रही थी। तभी गल्लामंडी निवासी उनकी भाभी आस्था अपनी मां कुसुम कली गुप्ता, पिता श्यामबाबू, भाई उपेंद्र व उनकी बहन खुशी ने उन्हें जबरन पकड़ लिया।
इसके बाद उन्हें जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया। शोर मचाने पर उनके ऊपर एसिड फेंक दिया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। पड़ोसियों को एकत्रित होता देख हमलावर वहां से भाग निकले। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे उपचार के लिए हैलट में भर्ती कराया।