महाराजपुर थानाक्षेत्र के रूमा में बुधवार तड़के करीब चार बजे कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर दो घंटे तक संवेदनाएं टायरों के नीचे कुचलती रहीं लेकिन किसी गाड़ी की रफ्तार नहीं थमी। अज्ञात वाहन की चपेट में आई महिला का शव सैकड़ों वाहनों के टायरों से क्षत-विक्षत होकर करीब 200 मीटर तक सड़क से चिपक गया। करीब सवा छह बजे पहुंची पुलिस शव का बचा हुआ सिर्फ हाथ पोस्टमॉर्टम के लिए भेज सकी। कुलगांव चौकी से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हादसा होने के बाद भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। वहीं मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली इस घटना ने हाईवे पर एनएचएआई की पेट्रोलिंग की भी पोल खोलकर रख दी है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सामने बुधवार सुबह चार बजे हादसे में बचे महिला के दाहिने हाथ से उम्र का अंदाजा 45 से 50 वर्ष के बीच लगाया गया है। महिला के हाथ में काले रंग से (पीपीआरएन) लिखा है। साथ ही पीली धातु की चूड़ी और अंगूठी है। रामादेवी मंडी सब्जी खरीदने जा रहे विक्रेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हादसा फतेहपुर से कानपुर लेन में सुबह करीब 3.50 बजे हुआ। दूसरे सब्जी विक्रेता ने बताया कि महिला डिवाइडर के किनारे लेटी थी।