बिनगवां के पास सोमवार रात हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की माैत हो गई जबकि दो लोग घायल हैं। घाटमपुर के कासियाना मोहल्ला निवासी परिजन ने बताया कि उबैश अंसारी (18), भाई दाऊद अंसारी, पड़ोसी अयान के साथ एक ही बाइक से नौबस्ता गए थे। देर रात घर लौटते समय बिनगवां गांव के पास सामने से ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
तीनों हाईवे पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को हैलट में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उबैश की मौत हो गई जबकि अन्य दोनों की हालत गंभीर है। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।