सिविल लाइंस में नजूल की जमीन कब्जाने के प्रयास में जेल भेजे गए अवनीश दीक्षित और उसके साथियों के 25 बैंक खातों को पुलिस ने फ्रीज करा दिया है। इसमें अवनीश और उसकी पत्नी प्रतिभा दीक्षित के चार-चार बैंक खातों के साथ ही जितेश झा, हरेंद्र मसीह और श्री आनंदेश्वर एसोसिएट के दस सदस्यों के खाते शामिल हैं। पुलिस ने अब हरेंद्र की पत्नी के भी बैंक खाते फ्रीज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
जमीन कब्जाने के प्रयास के मामले में कोतवाली में क्षेत्रीय लेखपाल विनय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें अवनीश, जितेश झा, हरेंद्र मसीह, राहुल वर्मा समेत 12 नामजद व 20 अज्ञात शामिल हैं। पुलिस अवनीश और राहुल वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बाकी आरोपी फरार हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसआईटी की जांच के दौरान अवनीश, उसकी पत्नी और उसके नामजद साथियों के कई बैंक खातों का पता चला है। आरोपी अपने बैंक खातों से लेनदेन न कर सकें, इसलिए खाते फ्रीज करा दिए गए हैं। एक पुलिस अफसर ने बताया कि श्री आनंदेश्वर एसोसिएट फर्म से ही हरेंद्र की संस्था को जमीन कब्जाने के लिए 25 लाख ट्रांसफर हुए थे। अब इन खातों के जरिये पुलिस यह भी पता लगाएगी कि जिन खातों में ट्रांजेक्शन हुआ है, वे किन-किन लोगों और किन कंपनियों को हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के और निजी खातों के ट्रांजेक्शन के अलावा करंट एकाउंट के बारे में भी जानकारी जा रही है।