जाड़े में ब्लड प्रेशर बढ़ने से 23 रोगियों को हार्ट अटैक और 14 को ब्रेन स्ट्रोक पड़ गया। रोगियों को गंभीर हालत में कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट और हैलट इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि जाड़े में रोगियों का ब्लड प्रेशर एकदम से बढ़ जा रहा है। इससे नसों में थक्का बन जाता है। अगर हृदय की धमनी में थक्का फंसा तो हार्ट अटैक और मस्तिष्क की नस में फंसने पर ब्रेन स्ट्रोक पड़ जाता है।
कार्डियोलॉजी के निदेशक प्रोफेसर राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार को ओपीडी में 638 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इमरजेंसी में 16 रोगियों ने जांच कराई। 23 रोगी हार्ट अटैक के लक्षण के साथ आए, उन्हें भर्ती कर लिया गया। प्रांरभिक जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है। सोमवार को अगली जांचें कराई जाएंगी। हैलट इमरजेंसी में 55 रोगियों को भर्ती किया गया। इनमें ब्रेन स्ट्रोक के 14 रोगी, सांस तंत्र के 16 रोगियों के अलावा लिवर और गुर्दा फेल के रोगी भर्ती किए गए। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सीनियर फिजीशियन डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि औसत 12 से 15 रोगी इस दौरान ब्रेन स्ट्रोक के आ रहे हैं। स्ट्रोक का मुख्य कारण हाई ब्लड प्रेशर है।