फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: सीएसए में नियमित शिक्षकों के 234 में 199 पद रिक्त, 60 गेस्ट फैकल्टी चला रहे काम, कुलपति ने कही ये बात

Tue, 23 Sep 2025 02:18 PM IST
हिमांशु अवस्थी शैली भल्ला, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: विवि में वर्तमान में सिर्फ 35 नियमित शिक्षक हैं। उद्यान विभाग में मात्र एक ही नियमित शिक्षक हैं, कृषि महाविद्यालय में 105 में 93 पद खाली हैं। हालांकि वर्तमान में 16 नए शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। 63 असिस्टेंट, 31 एसोसिएट और 18 प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है।
विज्ञापन
सीएसए - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में नियमित शिक्षकों की घटती संख्या बड़ी समस्या के रूप में सामने आ रही है। इससे विवि और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में न केवल पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि संस्थान को बजट भी नहीं मिल रहा है। धन के अभाव से काफी काम अटके हुए हैं। विवि में 234 में से 199 पद रिक्त हैं। करीब 60 गेस्ट फैकल्टी शिक्षकों से काम चलाया जा रहा है। यही नहीं सीएसए के डेयरी तकनीक महाविद्यालय में एक भी नियमित शिक्षक नहीं है।

विज्ञापन

सीएसए के दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने नियमित शिक्षकों की कमी पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके अलावा विवि के जर्जर भवनों और गंदगी पर भी अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई थी। उन्होंने विवि की शैक्षणिक गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए थे। हालांकि नियमित शिक्षकों के नहीं होने के कारण ही विवि काफी समस्याएं झेल रहा है। नियमित शिक्षक नहीं होने से आय के स्रोत बंद हो गए हैं। शिक्षक छात्र अनुपात ठीक नहीं होने के कारण सीएसए को अखिल भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से एक्रीडिटेशन नहीं मिला है। इससे परिषद की ओर से विवि को कोई ग्रांट नहीं दी जाती।

 

कई भवन बेहद जर्जर हो गए
विवि में वर्तमान में सिर्फ 35 नियमित शिक्षक हैं। उद्यान विभाग में मात्र एक ही नियमित शिक्षक हैं, कृषि महाविद्यालय में 105 में 93 पद खाली हैं। हालांकि वर्तमान में 16 नए शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। 63 असिस्टेंट, 31 एसोसिएट और 18 प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। विवि के सूत्रों के अनुसार शिक्षकों की कमी होने से आईसीएआर से बजट नहीं जारी होता है। शासन से भी मरम्मत का फंड नहीं आता। वहीं विवि का इतिहास 100 साल से अधिक पुराना है। इस कारण कई भवन बेहद जर्जर हो गए हैं। राज्य सरकार की ओर से कंटीजेंसी फंड में 75 लाख का बजट दिया जाता है, जिसमें विवि के सारे खर्च करने होते हैं। बीजों को बेचने या अन्य स्रोत से होने वाली आय से सीएसए में गेस्ट फैकल्टी का वेतन निकलता है।

112 पदों पर नियुक्ति निकाली, जल्द होगी परीक्षा
नियमानुसार विवि और महाविद्यालयों में जितने पद सृजित हैं उनका 60 फीसदी भरने पर ही एक्रीडिटेशन मिलता है। शिक्षक-छात्र अनुपात 1:16 होना चाहिए। इस साल 112 पदों पर नियुक्ति निकाली है जिसकी लिखित परीक्षा जल्द होनी है। इसमें अगर 25-30 पद भी भर गए तो एक्रीडिटेशन के रास्ते खुल जाएंगे। कुछ समय पहले विवि ने 16 नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की थी, एक्रीडिटेशन के दौरान इनका जिक्र नहीं किया, जिस वजह से अंक नहीं मिले। वहीं विवि में लंबे समय से नियुक्तियां नहीं हुई थीं।

विज्ञापन

पिछले साल 49 शिक्षकों की नियुक्तियां निकाली थीं जिसमें से 25 का चयन हुआ। 16 ने ज्वॉइन किया और पांच शिक्षक कोर्ट में हैं। अभी भी 112 पदों पर नियुक्तियां निकाली हैं, जिनकी लिखित परीक्षा होनी है। शिक्षकों की कमी को जल्द ही निस्तारित किया जाएगा। विवि में अन्य परेशानियों पर भी कार्य किया जा रहा है।  -कुलपति प्रो. आनंद कुमार सिंह
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें