कानपुर में कमिश्नरी पुलिस के पास कई देशों के 700 से अधिक लोगाें से करीब 1500 करोड़ रुपये की हुई ठगी में आरोपियों के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला जारी है। रविवार रात चार और एनआरआई ने मुख्य आरोपी रविंद्रनाथ सोनी समेत कई अन्य पदाधिकारियों पर जीरो एफआईआर कराई है। अब तक ब्लूचिप व अन्य सहयोगी कंपनियों पर 28 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं। इसमें 10 जीरो एफआईआर शामिल हैं। पुलिस और एसआईटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस ने 42.29 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे दिल्ली के मालवीयनगर निवासी रविंद्रनाथ सोनी को देहरादून से गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में आरोपियों के अन्य सहयोगियों का पता चला। पुलिस को दुबई, शारजाह, मलेशिया, जापान समेत अन्य देशों के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने की जानकारी हुई। ब्लूचिप कंपनी के प्रमोशन में कई अभिनेताओं व खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था।