कोहना थाने में गिरफ्तार प्रदीप गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव में टाउनशिप के नाम पर 15 से अधिक लोगों से पांच करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। कोहना पुलिस ने आर्यनगर के बिल्डर तरुण गोयल ने श्यामनगर के पति-पत्नी और आर्यनगर निवासी अधिवक्ता सनवीर वर्मा के खिलाफ गुरुवार को कोहना थाने में जालसाजी, जान से मारने की धमकी, रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। उसकी पत्नी और सनवीर की तलाश जारी है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि ऑपरेशन महाकाल के अंतर्गत कई शिकायतें आ रही हैं। इसमें से नौ ऐसी शिकायतें आईं, जिसमें उन्नाव के मरहला चौराहे के पास टाउनशिप में आवासीय प्लॉट देने के नाम पर कई लोगों से जालसाजी की गई है। एडीसीपी सेंट्रल राजेश कुमार पांडेय, एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया के साथ शिकायतों की जांच की गई, जिसमें आरोपियों ने एक ही तरह से वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपी पति ने फरवरी 2025 में तरुण गोयल, उनके भाई अनिल और चालक के खिलाफ चकेरी में अपनी पत्नी से छेड़छाड़ की एफआईआर कराई थी। तीनों को रुपये देने के लिए घर बुलाया गया था। इसी तरह अन्य शिकायतों में भी कुछ ऐसा ही घटनाक्रम सामने आया। सभी की जांच की जा रही है। प्रदीप को गुरुवार की दोपहर 12:25 बजे वेंडी तिराहे से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
डीसीपी सेंट्रल कार्यालय के बाहर शिकायत पत्र देते तरुण गोयल व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
पहले एग्रीमेंट कराया फिर रद्दीकरण का वाद दाखिल किया
तरुण गोयल ने गुरुवार को कोहना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि आरोपियों ने कम दाम पर आवासीय प्लॉट का प्रलोभन दिया था। उन्होंने 2020 में उसे 25 लाख रुपये दिए थे। आरोपी पति और उसके साथी अधिवक्ता सनवीर वर्मा ने सेल डीड (एक कानूनी दस्तावेज) की जगह उन्नाव सब रजिस्ट्रार कार्यालय में एग्रीमेंट टू सेल कराया। बाद में एग्रीमेंट के खिलाफ उन्नाव कोर्ट में रद्दीकरण का वाद दाखिल कर दिया। इसके बाद न रुपये दिए और न ही प्लॉट पर कब्जा दिया। फिर से 70 लाख रुपये की आवश्यकता बताकर दूसरी जगह जमीन देने की बात कही। भरोसा करके वर्ष 2023 में दोबारा 20 लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद उन्हें कोई जमीन नहीं मिली। तरुण के मुताबिक फरवरी 2025 में भाई और चालक के साथ आरोपी दंपती के घर अपने 45 लाख रुपये लेने गए, जहां आरोपी ने अपनी पत्नी से उनके खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज करा दी थी।
ऑपरेशन महाकाल से कार्रवाई की आस
तरुण गोयल, काहूकोठी निवासी दवा व कपड़ा कारोबारी श्याम अग्रवाल, लाठी मोहाल निवासी प्लाईवुड कारोबारी विनीत जैन ने बताया कार्रवाई के लिए कई बार पुलिस और अन्य अधिकारियों से शिकायत की। कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्नाव पुलिस से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अब तक 14 से 15 लोग सामने आए हैं। सागर मार्केट के मोबाइल कारोबारी संजय गुप्ता ने बताया कि ठगी के बाद उनकी पत्नी निर्मला की मौत हो गई। सभी ने अब ऑपरेशन महाकाल से कार्रवाई की आस जताई है।