कानपुर में नकली दवाओं की शिकायत मिलने पर बिरहाना रोड के 15 मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की गई। ड्रग विभाग ने मेडिकल स्टारों से 18 तरह की दवाइयों के सैंपल लिए और इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। ड्रग इंस्पेक्टर रेखा सचान और ओमपाल सचान की टीम ने पिछले 15 दिनों में 15 से ज्यादा मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। इस दाैरान टीम को कई मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाएं भी मिलीं।
टीम के अनुसार सभी मेडिकल स्टोर संचालकों ने दवाओं के बिल दिखाए, जिस पर स्टोरों को बंद नहीं कराया गया है। हालांकि 18 तरह की दवाइयों के सैंपल लेकर उन्हें राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। बता दें कि पिछले महीने जिलाधिकारी के पास नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत पर मसवानपुर के दो मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई थी, जहां पर नशीली दवाएं पकड़ी गई थी। इनके सैंपल भी लखनऊ प्रयोगशाला भेजे गए थे। इसकी भी जांच रिपोर्ट आना बाकी है।