आटा लेकर घर पहुंचा था सत्यम
संगीता के मुताबिक गुरुवार शाम करीब पांच बजे सत्यम चक्की से आटा लेकर घर पहुंचा था। घर आने के बाद उसने पेट में दर्द होने की बात कही और चारपाई पर लेट गया। काफी देर तक उसके नहीं उठने पर परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर परिजन सत्यम को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
गले पर मिले चोट के निशान
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान सत्यम के गले पर चोट के निशान मिले। इसके बाद उसकी मौत को लेकर संदेह गहरा गया और हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस की शुरुआती जांच में मां संगीता की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, अभी मामले की जांच जारी है और हत्या की पूरी परिस्थितियां साक्ष्यों तथा जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मां की संलिप्तता सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।