दादानगर निवासी युवक ने एनटीपीसी में नौकरी दिलाने के नाम पर एक परिचित पर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। उसे भरोसा दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। बाद का एहसास होने पर गोविंदनगर थाने में चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दादानगर के नगर महापालिका काॅलोनी निवासी अविनाश वर्मा की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार चकेरी के मनोहर विहार निवासी अरुण सिंह और उसके बेटे अभिषेक से अविनाश के करीबी रिश्ते थे। इन के माध्यम से उसकी मुलाकात यशोदानगर निवासी कौशल किशोर सिंह और उसके बेटे नितिश सिंह से हुई। उन्हें बताया कि कौशल एनटीपीसी में इंजीनियर हैं। उनकी क्लर्क में नाैकरी लगवा सकते हैं। नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की। पांच लाख रुपये पहले ले लिए। फिर 23 अप्रैल 2014 को फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर पांच लाख रुपये वसूले।
इसके बाद जांच का झांसा देकर एक साल तक टरकाते रहे। इस बीच कौशल अपना मकान बेचकर कहीं चला गया। अरुण और उसके बेटे से रुपये मांगे तो धमकाया। इंस्पेक्टर गोविंदनगर रिकेश सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।