आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़ा क्षतिग्रस्त टैंकर व फैला डामर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की देर रात मथुरा से उन्नाव जा रहा टैंकर चालक को झपकी आने के कारण पलट गया। हादसे के बाद टैंक फट गया और उसमें भरा डामर एक्सप्रेसवे पर फैल गया। हादसे के बाद चार घंटे तक जाम लगा रहा। जाम लगने के कारण आठ किलोमीटर तक सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
एक्सप्रेसवे पर देर रात साढ़े दस बजे बिचपुरवा गांव के सामने मथुरा रिफाइनरी से डामर लेकर जा रहा टैंकर पलट गया और डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन पर जा गिरा। हादसे के बाद टैंक फटने से 12 हजार लीटर डामर एक्सप्रेसवे पर फैल गया। इस हादसे में टैंकर पर सवार चालक अलीगढ़ निवासी धर्मपाल (38) व उसके गांव के ही मोहित कुमार (30) व सुभाष (32) घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस से तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
बताया गया कि चालक को झपकी आने से टैंकर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ ओवरटेकिंग लेन पर जाकर पलट गया। गर्म डामर फैलने से जाम लग गया। मौके पर एसपी विनोद कुमार, सीओ ट्रैफिक कुलवीर सिंह पहुंचे। चार घंटे तक एक्सप्रेसवे पर जाम लगा रहा। रात में ही दमकल कर्मियों ने पानी डालकर डामर को ठंडा किया, तब जाकर रात ढाई बजे एक लेन को डायवर्जन बनाकर यातायात को बहाल किया गया। क्रेन से टैंकर को हटवाकर किनारे किया गया। जाम के दौरान तालग्राम और तिर्वा कट से वाहनों को सर्विस रोड के माध्यम से भी निकाला गया। सहायक सुरक्षा अधिकारी (यूपीडा) कृपाल सिंह ने बताया वर्ष 2016 में एक्सप्रेसवे चालू किया गया था, तब से पहली बार इतना बड़ा जाम लगा है। डामर गर्म होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कत हुई थी।