इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए कई बार कहा गया था, लेकिन अभी तक उसे नहीं हटाया गया। एसडीएम ने अरविंद को सात दिन के अंदर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि नोटिस के बाद भी यदि कोल्ड स्टोर की बाउंड्री नहीं गिराई गई, तो उसे प्रशासन हटवा देगा और उसमें आने वाला खर्चा शीतगृह स्वामी से वसूल किया जाएगा।
प्रशासन तैयार कर रहा नवाब सिंह की संपत्तियों का खाका
किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में फंसे पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उनके परिवारीजनों की संपत्तियों का खाका प्रशासन तैयार कर रहा है। एसडीएम सदर और तिर्वा एसडीएम भी इस मामले में लेखपालों के माध्यम से जांच करवा रहे हैं। इसके अलावा जिले से बाहर कई शहरों में उसकी संपत्तियों का पता चला है, जिसके बारे में प्रशासन जानकारी एकत्र कर रहा है।
सदर और तिर्वा एसडीएम लेखपालों के माध्यम से करवा रहे जांच
आरोपी नवाब सिंह यादव के पास करोड़ों की संपत्ति है। इसकी जांच के लिए सदर एसडीएम रामकेश सिंह ने नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर के नेतृत्व में एक टीम बनाई है, जो सूची तैयार कर रही है। एसडीएम ने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से कई लेखपाल भौतिक सत्यापन के लिए मौके पर नहीं पहुंच सके हैं।
जिले से बाहर संपत्तियों के बारे में की जा रही जानकारी
उन्होंने राजस्व निरीक्षक अरुण तिवारी को साक्ष्यों के साथ नवाब सिंह यादव की प्रापर्टी का विवरण पेश करने के निर्देश दिए हैं। तिर्वा एसडीएम ने ग्राम समाज की जमीन पर बने कोल्ड स्टोरेज पर नोटिस चस्पा कर दिया है। इसके अलावा उस क्षेत्र में अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।