कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से चलती कार के इंजन में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से धुआं निकलता देख चालक ने तत्काल कार रोक दी। बोनट खोलते ही इंजन में आग भड़क उठी। चालक की सूझबूझ और आसपास मौजूद लोगों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। हादसे में कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी समधन के मोहल्ला दारा सराय निवासी उसीम की कार को चालक आरिफ उर्फ थर्री रविवार को लेकर सतौरा स्थित कोल्ड स्टोरेज जा रहा था। कार में कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर निहाल, कर्मचारी शमीम और एक अन्य व्यक्ति भी सवार थे। सुबह करीब नौ बजे कार फर्रुखाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल के सामने पहुंची। इसी दौरान चालक की नजर बोनट से निकल रहे धुएं पर पड़ी।