घटना की जानकारी देते पीड़ित लोकेश
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर अंडरपास के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने देवर-भाभी की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पलट गई। बदमाशों ने भाभी के बाल पकड़कर खींचे और दोनों को पीटने के बाद बाइक, नकदी व मोबाइल लूटकर भाग गए। लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आला अधिकारियों ने बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के इसवापुर गांव निवासी लोकेश मंगलवार को भाभी दीक्षा के साथ बाइक से कानपुर देहात जिले के विषधन क्षेत्र स्थित मंदिर में दर्शन करने के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रात 10 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर ठठिया क्षेत्र के ग्राम वीरमपुर के अंडरपास के निकट बाइक में दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गिर गए। बदमाशों ने दीक्षा के बाल पकड़कर खींचे और दोनों को पीटना शुरू कर दिया।
इसके बाद बदमाश लोकेश का मोबाइल पर्स में रखे रुपये, बाइक लेकर भाग गए। देवर-भाभी किसी तरह आगे पहुंचे और राहगीर के मोबाइल से डायल 112 पुलिस को लूट की जानकारी दी, जिसके बाद डायल 112, ठठिया पुलिस मौके पर पहुंची। लूट की जानकारी मिलते ही एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ कुलवीर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। देवर-भाभी से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। एसपी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। लुटेरों की तलाश में एसओजी व सर्विलांस समेत पांच टीमों को लगाया गया है। जल्द ही लुटेरों की धरपकड़ कर खुलासा किया जाएगा।
महीनों से खराब सीसीटीवी
ग्रामीणों ने बताया कि सर्विस रोड पर लगे कई सीसीटीवी कई महीनों से खराब हैं और कुछ कैमरे लटक रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।