कमलेश उर्फ हरचरन की फाइल फोटो व बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
तालग्राम में कर्ज से परेशान मजदूर ने घर से 500 मीटर दूर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड किनारे पेड़ पर लुंगी से फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी का आरोप है कि फाइनेंस कर्मी लगातार किस्त जमा करने का दबाव बनाकर पुलिस का डर दिखा रहे थे। इसी से परेशान होकर पति ने जान दे दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। तालग्राम थाना क्षेत्र के बेहटा गढ़िया गांव निवासी कमलेश उर्फ हरचरन चंदेल (45) पल्लेदारी करते थे।
पत्नी दीपशिखा ने बताया कि एक निजी फाइनेंस कंपनी से पति ने व्यापार करने के लिए 40 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसके बाद फिर मार्च 2024 में दोबारा 40 हजार रुपये का कर्ज ले लिया। प्रतिमाह 1420 रुपये की दो किस्तें जमा करनी पड़ती थीं। पिछले माह 22 अगस्त की किस्त जमा नहीं हो पाई थी। फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने आकर काफी अपशब्द कहकर परेशान किया और पुलिस बुलाने की धमकी दी थी।