कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला के साथ लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से लूट का सामान, वारदात में प्रयुक्त बाइक और एक तमंचा बरामद किया गया है।
लिफ्ट देने के बहाने दिया था वारदात को अंजाम
घटना कल्याणपुर के इंद्रानगर स्थित बुद्धा पार्क तिराहे के पास की है। यहां एक अधिवक्ता की 79 वर्षीय बुजुर्ग मां कहीं जा रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें लिफ्ट देने का झांसा दिया और जैसे ही वह नजदीक आईं, आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके कान के बाले नोच लिए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई, जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस और लुटेरे के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने काबू कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।