कानपुर। स्पार्क सीपीएल सीजन-3 में शनिवार को हुए दूसरे सेमीफाइनल में कलावती सुपर किंग्स इलेवन ने एसवीएएस इलेवन को 19 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में कलावती सुपर किंग्स इलेवन का सामना आरवीएस क्रिकेट अकादमी इलेवन से होगा।
मंधना स्थित चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कलावती सुपर किंग्स इलेवन ने 40 ओवर में आठ विकेट पर 239 रन बनाए। विशाल यादव ने नाबाद 86 और अक्षत अवस्थी ने 80 रन की शानदार पारी खेली। एसवीएएस इलेवन की ओर से राघव ने तीन, जबकि युवराज यादव ने दो विकेट हासिल किए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसवीएएस इलेवन की टीम 38.3 ओवर में 220 रन पर सिमट गई। सुयश ने 35, वीर आदित्य सिंह ने 33 और आदित्य दुबे ने 25 रन बनाए। अनंत कुमार और अक्षत अवस्थी ने तीन-तीन विकेट, जबकि सोम कटियार ने दो विकेट अपने नाम किए। अक्षत अवस्थी को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।