कानपुर में टेलीकॉलर की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। मौत से 24 घंटे पहले युवती ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस अपडेट किया था। जिसमें लिखा था...डेड। सवाल है कि आखिर उसने ऐसा क्यों लिखा था। क्या उसको पहले ही अनहोनी की आशंका थी। या फिर जैसा पुलिस दावा कर रही है कि टेलीकॉलर ने खुदकुशी की तो क्या उसने 24 घंटे पहले ही खुदकुशी करने की योजना बना ली थी? पुलिस अपनी जांच में इसका जवाब नहीं खोज पाई है।
रेलवे ट्रैक किनारे मिला था अधजला शव
चकेरी निवासी युवती (24) 22 नवंबर को दफ्तर से निकलने के बाद लापता हो गई थी। दूसरे दिन भाभा नगर में रेलवे ट्रैक किनारे उसका अधजला शव मिला था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर उसके परिचित अमित व उसकी महिला दोस्त विमल पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा था।
आरोपी के मोबाइल से खुले कई राज
कुछ दिन पहले ही पुलिस ने विवेचना के दौरान हत्या की धारा हटाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने व दुष्कर्म करने की धारा में मुकदमा तरमीम किया था। अब इसमें एक नया तथ्य सामने आया। पुलिस ने जब आरोपी अमित का मोबाइल खंगाला था तो उसका व्हाट्सएप चेक किया था। तब स्टेटस की लिस्ट में महिला टेलीकॉलर का भी स्टेटस दिख रहा था।
बीमार चल रही थी, स्टेटस पर लिखा था डेड
जिसमें सिर्फ एक शब्द लिखा हुआ था...डेड। यह स्टेटस युवती ने 21 नवंबर को लगाया था। एडीसीपी ने बताया कि स्टेटस पर डेड लिखा था। यह क्यों लिखा था इसका पता नहीं चल सका। जांच में सामने आया कि युवती कुछ बीमार थी। एक अस्पताल से उसका इलाज भी चल रहा था। घटना से एक या दो दिन पहले भी वह वहां गई थी। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि उसको क्या बीमारी थी।
चार्जशीट लगाई
पुलिस ने केस की धाराओं में बदलाव करने के बाद मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। एडीसीपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि जेल में बंद आरोपियों के खिलाफ ही आरोप पत्र लगाया गया है। अमित पर दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने और विमल पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य हैं।