स्मार्ट सिटी के दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया में गुरुवार को अपना शहर एक पायदान आगे बढ़कर टॉप-4 में शामिल हो गया। कनपुरिये 4 दिसंबर को रात 12 बजे तक वोट कर सकते हैं। अंतिम दिन कनपुरिये यदि 43 हजार और वोट देे दें तो शहर टॉप पर पहुंच जाएगा। अन्य शहरों की वोटिंग बंद होने का भी फायदा कंपू को मिल सकता है।
स्मार्ट सिटी के दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया में नागरिक सहभागिता के माध्यम से मोस्ट पापुलर सिटी का चुनाव ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके मद्देनजर 98 शहरों में रहने वालों से केंद्र सरकार की वेबसाइट माईजीओवी में वोटिंग कराई जा रही है।
नगर निगम के आईटी आफीसर परवेज खान ने बताया कि अंतिम दिन यदि कनपुरियों ने 15 हजार और वोट किए तो कंपू को तीसरे नंबर पर पहुंचा सकते हैं। 43 हजार वोट मिल गए तो कानपुर नंबर वन होगा। परवेज खान के अनुसार एक मोबाइल नंबर (एक सिम कार्ड) से अधिकतम 30 वोट किए जा सकते हैं।
इसलिए शहरवासी एक - एक कर 30 वोट तक डाल सकते हैं। उन्होंने शहरवासियों से वोटिंग के अंतिम दिन ज्यादा से ज्यादा वोट डालने का आह्वान किया। वहीं, स्मार्ट सिटी विकसित करने के लिए 4 दिसंबर को लखनऊ के विज्ञान भवन में प्रजेंटेशन होगा। राज्यपाल उद्घाटन करेंगे।
बार एसोसिएशन, एक्टिव एडवोकेट्स एसोसिएशन और कानपुर परिवर्तन फोरम के संयुक्त तत्वावधान में बार एसोसिएशन हाल में कैंप लगाकर स्मार्ट सिटी के लिए वोटिंग कराई गई। 350 वकीलों और वादकारियों ने वोटिंग की। हालांकि सर्वर धीमा होने से वोटिंग में दिक्कतें भी हुईं।