हरदोई में पेशी के बाद आम्रपाली एक्सप्रेस से लौट रहे दो लुटेरे बुधवार रात लखनऊ के मानकनगर स्टेशन के पास सिपाहियों को धक्का देकर चलती ट्रेन से कूद गए। सिपाहियों ने दौड़ाकर एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। एसपी नेहा पांडेय ने पेशी पर ले जाने वाले तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
सीओ सिटी डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि उन्नाव जिला जेल में लूट व गैंगस्टर एक्ट में बांगरमऊ के अतरधनी निवासी मान सिंह लोध और बीघापुर के सेमरीखेड़ा निवासी राजेंद्र लोध बंद थे। इन दोनों को बुधवार को लूट और चोरी के एक मुकदमे में हरदोई पेशी पर ले जाया गया था। कोर्ट में पेशी के बाद इन्हें लेकर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही नीरज पांडेय, शिवदास सिंह और अखिलेश कुमार लखनऊ पहुंचे।
यहां से वे आम्रपाली एक्सप्रेस से उन्नाव लौट रहे थे। लखनऊ से ट्रेन आगे बढ़ी और मानक नगर रेलवे स्टेशन से पहले केसरी खेड़ा फाटक पर उसकी रफ्तार धीमी हो गई। ट्रेन के धीमा होते ही बदमाशों ने सिपाहियों को धक्का दे दिया और कूदकर भाग निकले। सिपाही भी ट्रेन से कूद गए और झाड़ियों में छिपे राजेंद्र लोध को दबोच लिया, जबकि अंधेरा होने की वजह से मानसिंह का पता नहीं चल सका। सिपाहियों ने घटना की सूचना डीआईजी कार्यालय को दी। कई थानों की फोर्स ने मानक नगर में घंटों कांबिंग की।
उन्नाव पुलिस लाइन आरआई शिव सिंह यादव ने चारबाग जीआरपी थाने में सिपाहियों पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया। इस पर एसपी ने तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी के मुताबिक शातिर राजेंद्र लोध 25 जनवरी 2016 को भी साथी ओम प्रकाश लोध के साथ उन्नाव कोर्ट हवालात के के रोशनदान की सरिया काटकर भाग निकला था।