कानपुर। जूही लाल काॅलोनी का तालाब पाटकर अवैध रूप से कब्जे किए जा रहे हैं। विरोध करने पर झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। यह शिकायत रविवार को जूही कलां वार्ड-84 के गुप्ता चौराहे पर लगे जनता ही जनार्दन शिविर में लोगों ने महापौर प्रमिला पांडेय से की।
इलाकाई लोगों ने जूही लाल काॅलोनी स्थित मनकामेश्वर मंदिर पार्क के सुंदरीकरण और उसके पास लगी हाईमास्ट लाइटें ठीक कराने की मांग की। मार्ग प्रकाश विभाग के मुख्य अभियंता आरके पाल ने हाईमास्ट लाइट ठीक कराई। सुंदरीकरण के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए गए। काॅलोनी के ज्यादातर लोगों ने पुरानी सीवर लाइन चोक होने की वजह से सर्विसलेन, नालियों में गंदगी बहने की शिकायत की। नई सीवर लाइन बिछवाने की मांग की। गोविंदनगर जे-ब्लाॅक के लोगों ने बताया कि कुछ घरों में गंदा पानी आने लगा है। महापौर ने समस्या दूर करने के निर्देश दिए। कुछ लोगों ने गंदगी, नालियों पर रैंप की वजह से सफाई न हो पाने की शिकायत की। यहां सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार, अवर अभियंता अतुल कुमार, जलकल विभाग जोन-3 के अवर अभियंता मानू, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा, बृजेश कुमार, क्षेत्रीय पार्षद अमित जायसवाल, सुमित वाजपेयी आदि रहे।
बातचीत
सुंदरीकरण का किया आग्रह
मनकामेश्वर मंदिर पार्क के सुंदरीकरण के लिए महापौर से आग्रह किया है। महापौर ने अधिकारियों को तत्काल फाइल बनाने और स्वीकृत कराकर यह कार्य कराने के निर्देश दिए। - सुरेंद्र सिंह, जूही लाल काॅलोनी
सीवर लाइन चोक
मोहल्ले में लगे सबमर्सिबल से नाली करीब 25 मीटर दूर है। इसलिए आसपास पानी फैलता है। नाली बन जाए तो यह समस्या दूर हो जाए। सीवर लाइन भी चोक है। - राजू यादव, जूही लाल काॅलोनी
घर में घुसता गंदा पानी
घर के बाहर इंटरलाॅकिंग बिछी है। इसके एक तरफ नाली थी उसे कई लोगों ने बंद कर दिया जबकि दूसरी तरफ नाली ही नहीं है। इस वजह से गंदा पानी घर में घुसता है। - प्रशांत गुप्ता, जूही लाल काॅलोनी, भाजपा बूथ अध्यक्ष
सफाई नहीं होती
सर्विसलेन में गंदगी बजबजाती रहती है। सफाई नहीं होती। गली भी नहीं बनाई गई। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। - प्रदीप निगम, पीली काॅलोनी
सड़क पर बह रहा पानी
घर के आसपास नालियां चोक होने की वजह से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बारिश होते ही घरों में भी पानी घर में भरने लगता है। इससे परेशानी होती है। -एसएन वाजपेयी, पीली कालोनी
टावर लाइट बंद
ब्लाॅक संख्या 339 और ब्लाॅक संख्या - 323 के सामने पाइपलाइनें टूटी हैं। सड़क पर पानी बहता है। दुर्गा मंदिर के पास लगी टावर लाइट बंद है।
-राजेश कुमार, जूही लाल कालोनी
इनका हुआ समाधान
शिकायत करते ही लाइट हुई ठीक
जूही लाल काॅलोनी स्थित मनकामेश्वर मंदिर पार्क में लगी टावर लाइट छह महीने से खराब थी। जनता ही जनार्दन शिविर में महापौर से शिकायत की। आधे घंटे में ही लाइट ठीक करा दी गई। - नागेंद्र वाजपेयी, 233/1, जूही लाल कालोनी
शिविर में बन गया आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड न होने की वजह से इलाज कराने में दिक्कत हो रही थी। जनता ही जनार्दन शिविर में आते ही आयुष्मान कार्ड बन गया। अब फ्री में मेरा इलाज हो जाएगा। - फरीदा बेगम, जूही लाल कालोनी
वार्ड-84 के मोहल्ले
जूही लाल कालोनी, हरी कालोनी, पीली काॅलोनी, गोविंदनगर आई ब्लाॅक, जे-ब्लाॅक, एस-ब्लाॅक, टी-ब्लाॅक।
वार्ड में मतदाता-20,000
वार्ड की आबादी-करीब 40,000
सफाई कर्मी - 50
सफाई कर्मियों की जरूरत - 48