सिकंदरा। अमराहट थाना से 150 मीटर दूर स्थित एक घर को निशाना बनाकर चोर नकदी सहित आठ लाख के जेवर चोरी कर ले गए। सुबह जागने पर परिजन को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की है।
अमराहट निवासी हरिबाबू अग्निहोत्री गांव में पत्नी मीरा, बड़े बेटे अनिल, उसकी पत्नी ममता व उनके बच्चों के साथ रहते हैं। जबकि उनका छोटा बेटा बलराम परिवार के साथ औरैया में रहता है। हरिबाबू ने बताया कि 20 दिन पहले उसकी बेटी अलका औरैया स्थित ससुराल से घर आई थी। वह अपने जेवर घर पर रखकर ससुराल चली गई थी। रविवार रात को वह पत्नी की साथ छत पर सोया था। जबकि बड़ा बेटा, बहू बच्चों के साथ घर के बाहरी कमरे में सोए थे।
रात में चोर उसकी छत पर चढ़ आए और सीढ़ियों पर लगे गेट को खोलकर आंगन में उतर गए। चोरों ने कमरों में अलमारी व बक्सों में रखे 1.60 लाख रुपये, बेटी, पत्नी व बहू के जेवर सहित आठ लाख का सामान चोरी कर घर के पिछले दरवाजे से भाग गए। सुबह जागने पर कमरों में सामान बिखरा मिलने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन से पूछताछ कर घटना स्थल पर जांच पड़ताल की है। अमराहट थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घटना संदिग्ध है। जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।