पुखरायां। भोगनीपुर कस्बे में एक घर से गुरुवार की रात चोरों ने पचास हजार रुपये नगद समेत तीन लाख के गहने पार कर दिए। सूचना पर पहुंचे सीओ प्रभात कुमार ने डॉग स्क्वाड बुलाया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस जांच में जुटी है।
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के बील्हापुर गांव निवासी वाले इश्तियाक ने बताया कि वह गुरुवार की रात मूसानगर के सरांय में रखे गए ताजिया को देखने परिवार के साथ गया था। शुक्रवार की भोर लौटा तो घर में कमरे की कुंडी टूटी व अलमारी का लाकर खुला मिला। जिसमें रखे पचास हजार रुपये नकद तथा बेटी की शादी के लिए बनवाए तीन लाख के गहने नहीं मिले।
सूचना पर सीओ प्रभात कुमार और कोतवाल वैजनाथ सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। डॉग स्क्वाड भी बुलाया गया पर चोरों का पता नहीं चल सका। कोतवाल वैजनाथ सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दो घरों से नगदी व जेवरात चोरी
झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के जयलोटनपुरवा गांव में गुरुवार रात चोरों ने दो घरों से जेवरात व नगदी पार कर दी। पुलिस ने जांच शुरू की है। जयलोटनपुरवा गांव निवासी शिशुपाल परिवार के साथ गुरुवार रात सो रहे थे। तभी दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने कमरे के अंदर रखा बक्सा व अलमारी तोड़ दी। इसके बाद जेवर व पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
वहीं दूसरी घटना गांव किनारे मकान बनाकर रह रहे भोजराज के घर में हुई। उसके मकान में घुसे चोरों ने अलमारी से जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ितों ने सूचना पुलिस को दी है। कंचौसी चौकी प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)