रोज करीब साढ़े तीन घंटे बंद रहती है जरीबचौकी क्रॉसिंग
शहर की सबसे व्यस्त जरीबचौकी क्रॉसिंग से रोज 40-45 ट्रेनों का आवागमन होता है। एक ट्रेन के लिए औसतन पांच मिनट के लिए क्राॅसिंग बंद होती है। इस वजह से यह क्राॅसिंग रोज 3:20 घंटे से पौने चार घंटे बंद रहती है।
तेजाब मिल-जरीबचौकी क्रॉसिंग के बीच से शुरू होगा एलिवेटेड ट्रैक
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की शुरुआत अनवरगंज रेलवे स्टेशन के ठीक बगल में स्थित तेजाब मिल कैंपस रेलवे क्राॅसिंग के बाद से होगी। इस वजह से जरीबचौकी में एलिवेटेड ट्रैक इतना ज्यादा ऊंचा नहीं हो पाएगा, जिसके नीचे से बस, ट्रक, डंपर, ट्रैलर आदि आसानी से निकल सकें।
दो महीने पहले कंपनी बदल दी गई
इसके मद्देनजर पांच महीने पहले मौके पर निरीक्षण करने आए तत्कालीन मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने सेतु निगम को जरीबचौकी में अंडरपास बनाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए जल्द से जल्द डीपीआर बनाने के लिए भी कहा था, पर अभी तक डीपीआर नहीं बन पाई है। सेतु निगम ने पहले गुरुग्राम की एक कंपनी को डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी, पर लापरवाही की वजह से दो महीने पहले कंपनी बदल दी गई।
जरीबचौकी अंडरपास की शुरुआती डीपीआर तैयार है, पर पूर्वोत्तर रेलवे का एस्टीमेट नहीं मिल पाया है, जबकि इसके लिए उनके सीनियर डीईएन से वार्ता करने के साथ ही पत्र भी लिखे हैं। रेलवे का एस्टीमेट मिलते ही डीपीआर में जोड़ दिया जाएगा और इसे स्वीकृति के लिए शासन भेज दिया जाएगा। -विजय कुमार सेन, प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम