यूपी के कानपुर में जनधन खातों में अब तक 720 करोड़ रुपये की रकम जमा होने की खबर को आयकर विभाग ने गंभीरता से लिया है। जांच निदेशालय ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक करीब पांच हजार खाताधारकों को नोटिस जारी किए हैं। पहले चरण में उन सभी खाताधारकों को नोटिस जाएगा जिनके खाते में एक लाख से अधिक रकम जमा हुई है। ऐसे लोगों की संख्या 40 हजार से ज्यादा है।
आयकर विभाग के सूत्र बताते हैं कि बीते दो दिन से आयकर अधिकारी सौ से दो सौ नोटिसों में साइन कर रहे हैं। रोजाना 1000 से 1500 तक नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस में आयकर विभाग ने खाताधारक से कई सवाल पूछे हैं। पहला सवाल यही है कि जनधन खाते में जमा धन उनका है या नहीं? यदि है तो आय के स्रोत आयकर विभाग में जमा करें। यदि नहीं है तो किसका है उसके नाम का उल्लेख करें। निर्धारित समय के अंदर ऐसा नहीं करने पर रकम हमेशा के लिए फ्रीज कर दी जाएगी।
सर्वाधिक जमा वाले टारगेट
फिलहाल आयकर विभाग के टारगेट में वे खाताधारक हैं जिनके खातों में सर्वाधिक रकम जमा हुई है। आयकर अधिकारी बड़ी से छोटी रकम की ओर चल रहे हैं। बैंकों से जैसे जैसे सूचनाएं मिल रही हैं उन्हें कैटेगिरी में बांटकर जांच के दायरे में लाया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि जो काम 30 दिसंबर के बाद होना था उस पर अभी से अमल शुरू हो गया है। मसलन 50 हजार तक जमा वाले खाते, 50 हजार से एक लाख तक, एक लाख से अधिक, दो से पांच लाख तक या इससे भी अधिक की छंटनी अभी से शुरू हो गई है।