शादी समारोह में रंगबाजी को लेकर हुए विवाद में एक महिला समेत चार लोगों ने घर के बाहर खाना खा रहे युवक और उसके मित्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें दोनों को चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर निवासी सूर्यांश सोनी ने पुलिस को बताया कि उसके घर बड़े भाई की शादी का आयोजन चल रहा था। घर में शादी की खुशियों का माहौल था। शनिवार की देर शाम अचानक अफरातफरी मच गई जब वहां मोहल्ले के ही रिषभ, आवास विकास कॉलोनी निवासी सागर, हिरदेशाह निवासी प्रियांक और उनके साथ आई महिला संध्या घर के बाहर पहुंचकर हंगामा करने लगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि चारों ने मिलकर घर के बाहर लगे खाने के स्टॉल के पास रखे पानी के कंटेनरों को लात मारकर गिरा दिया। जब उन्होंने उनसे ऐसा करने का कारण पूछा तो अभद्रता करने लगे। मना किया तो चारों ने मिलकर उसे और दोस्त ध्रुव को लाठी-डंडों से पीटा। शोर सुनकर जब लोग दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।