महाराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी को लगभग एक माह बाद गुरुवार को पेशी पर कानपुर लाया गया। इरफान के खिलाफ जमीन कब्जाने के मामले में नसीम आरिफ द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में एमपीएमएलए लोअर कोर्ट में आज आरोप तय हो सकते हैं।
विज्ञापन
नसीम आरिफ ने जाजमऊ थाने में सपा विधायक इरफान सोलंकी समेत अन्य लोगों के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने के मामले में दिसंबर 2022 में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मामले में आज एमपी एमएलए लोअर कोर्ट के न्यायाधीश आलोक यादव आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर सकते हैं।
मुकदमे में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं, कर्नलगंज थाना अंतर्गत आचार संहिता उल्लंघन के मामले में भी आज फैसला आना था, लेकिन एक रिवीजन याचिका पर बुधवार को सुनवाई के दौरान जिला जज ने फैसले पर रोक लगा दी थी। इसके अलावा इरफान के गनर की सीडीआर व लोकेशन रिपोर्ट मंगी गई थी।
हाथ हिलाकर किया अभिवादन
इस संबंध में इरफान की अर्जी पर भी आज एमपीएमएलए सेशन कोर्ट आदेश सुना सकती है। कोर्ट में जाते समय इरफ़ान ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया और बोले बस इस बात का सब्र है कि मेरे अल्लाह को हर चीज की खबर है। इंसाफ होकर रहेगा।