वीडियो में सटोरिया नयन नजर आया आईपीएलकर्मी के साथ
कानपुर में आठ मई को गुजरात लायंस टीम के होटल लैंडमार्क पहुंचने से 20 मिनट पहले ही सटोरिया नयन रमेश शाह साथी विकास चौहान के साथ होटल पहुंचा था। होटल के रिसेप्शन पर नयन रमेश की चेक इन प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान गुजरात लायंस के खिलाड़ी और प्रबंधन से जुड़े लोग होटल पहुंच गए थे। इन्हीं में से गले में ओरेंज कलर का आईपीएल का कार्ड लटकाए एक शख्स से नयन रमेश ने बातचीत की थी।
अमर उजाला टीवी को मिले वीडियो में सटोरिया नयन रमेश शाह एक आईपीएल कर्मी के साथ बातचीत करते हुए नजर आया है। ऐसे दो वीडियो मिले हैं। दूसरे वीडियो में होटल लैंडमार्क में नयन रमेश शाह होटल लैंडमार्क में एंट्री करते हुए साफ-साफ देखा जा रहा है। पुलिस को नयन रमेश से मिलने वाले शख्स के बारे में पता चल गया है। एक-दो दिन में क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस इस शख्स से पूछताछ करेगी। संभव है कि जेल में बंद नयन रमेश को सोमवार को कस्टडी रिमांड पर लेकर उसका और शक के दायरे में आए शख्स का आमना सामना भी कराया जाए। अफसरों का मानना है कि नयन रमेश का लिंक आईपीएल से जुड़े किसी शख्स से है, जो गुजरात लायंस की लोकेशन लगातार उसे दे रहा था। यही वजह है कि गुजरात लायंस टीम के पहुंचते के कुछ वक्त पहले ही वह साथी विकास के साथ होटल पहुंचा था।
होटल प्रबंधन से जुड़े लोगों से हुई पूछताछ
वीडियो में साफ-साफ दिखा होटल में एंट्री के वक्त सटोरिया नयन रमेश शाह
रविवार को पुलिस अफसरों ने होटल लैंडमार्क प्रबंधन से जुड़े स्टॉफ से पूछताछ की। पता चला कि नयन रमेश और विकास 25 अप्रैल को होटल आए थे। दो दिन तक दोनों यहां ठहरे थे। होटल छोड़ते वक्त नयन रमेश ने होटल के शिकायती रजिस्टर पर अपनी शिकायत भी दर्ज कराई थी। लिखा था कि वह होटल की सर्विस से खुश नहीं है। 8 अप्रैल को जब वह होटल पहुंचा था, तब प्रबंधन ने गुजरात लायंस और दिल्ली टीम के खिलाड़ियों के लिए होटल बुक होने की बात कहकर रूम दे पाने में असमर्थता जताई थी। इस पर नयन रमेश ने 25 अप्रैल को होटल में ठहरने और शिकायत दर्ज का हवाला दिया था। इसके बाद होटल प्रबंधन ने उसे स्थायी ग्राहक समझा और 14 वें फ्लोर पर स्थित रूम दे दिया था। इस रूम का किराया 14 हजार रुपये प्रतिदिन था। इसके बाद अभिनेत्री अमिषा पटेल के आने पर नयन रमेश को 17वें फ्लोर के एक कमरे में शिफ्ट किया गया था। पुलिस अफसरों कहना है कि अभी होटल के कई और लोगों से पूछताछ होना बाकी है।
सवाई माधवपुर में मिली बंटी की लोकेशन
लैंडमार्क होटल के सीसीटीवी फुटेज में सटोरिया नयन रमेश शाह
सटोरिया विकास उर्फ बंटी खंडेलवाल परिवार समेत फरार है। बंटी की पत्नी, रिश्तेदारों और दोस्तों ने अपने फोन स्विच ऑफ कर दिए हैं। बंटी की लोकेशन राजस्थान के सवाई माधवपुर में मिली है। अजमेर से एक टीम उसका पता लगाने के लिए सवाई माधवपुर रवाना हो गई हैं। अफसरों का मानना है कि राजस्थान से बंटी परिवार के साथ दिल्ली या मुंबई जा सकता है। इसलिए पुलिस टीम दिल्ली और मुंबई रवाना की गई है। छानबीन में पुलिस को यह भी पता चला है कि बंटी ने 2002 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। अजमेर में उसके खिलाफ वसूली और मारपीट तक का मामला दर्ज है। इसके बाद पर सट्टे के कारोबार में आ गया। बंटी केसट्टे के तार देश और विदेश तक फैले हैं।
नयन के मोबाइल पर मिले 55 नंबरों की जांच
वीडियो में आईपीएलकर्मी से बातचीत करते हुए सटोरिया नयन रमेश शाह
नयन रमेश शाह के मोबाइल में बंगलुरू, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, अजमेर, हरिद्वार और साउथ अफ्रीका तक केलोगों से मोबाइल नंबर मिले हैं। ये सभी नंबर उसने कोड वर्ड या शहर के नाम से सेव कर रखे थे। एसपी पूर्वी अनुराग आर्या ने बताया कि नयन रमेश ने 8 से 10 मई तक 55 लोगों से मोबाइल पर बात की है। इन नंबरों की जांच की जा रही है।