उन्नाव के फतेहपुर चौरासी और पाटन कस्बे में दुबई से वापस लौटे युवक की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी। टीम ने युवक की जांच की। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, भगवंतनगर कस्बे में दुबई से लौटे युवक की जांच न होने से मोहल्लेवासी परेशान हैं।
लोगों का कहना है कि उन्होंने जिला स्तर की टीम के साथ पीएचसी बीघापुर में जानकारी दी लेकिन देर शाम तक कोई भी उसकी जांच के लिए नहीं पहुंचा। इससे सभी भयभीत हैं। बारा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक 17 मार्च को दुबई से वापस लौटा है। जानकारी पर बीघापुर पीएचसी प्रभारी पंकज पांडेय उसके घर पहुंचे और जांच की। फिलहाल एहतियात के तौर पर उसे स्वास्थ्य केंद्र में बने आइसोलेशन वार्ड में रख उसकी निगरानी कर रहे हैं।
गोवा से लौटे युवक की जांच रिपोर्ट सामान्य, ली राहत की सांस
उन्नाव जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती युवक की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। शुक्रवार सुबह सर्दी, जुकाम व बुखार आने पर उसे भर्ती कराया गया था। पुरवा तहसील क्षेत्र के ऊंचगांव किला निवासी युवक गोवा में नौकरी करता है। गुरुवार सुबह वह वापस घर लौटा था। देर शाम उसे बुखार के साथ सर्दी, जुकाम हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई थी।
जानकारी पर सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने एंबुलेंस भेज उसे सीएचसी बुलवाया और जांच की थी। शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे उसकी हालत बिगड़ गई थी। संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. आरएस मिश्रा के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची थी और उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था। शनिवार को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।