उरई के माधौगढ़ रामपुरा थाना क्षेत्र के ऊमरी चौकी प्रभारी को गुटखा न देना दुकानदार को मंहगा पड़ गया। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने दुकानदार की जमकर पिटाई कर दी। घायल दुकानदार ने सीओ को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के ऊमरी नगर पंचायत निवासी दुकानदार धर्मेंद्र कुमार पुत्र डालचंद का आरोप है कि वह गुरुवार को दुकान पर बैठा था, तभी चौकी प्रभारी अजय सिंह ने आकर गुटखा मांगा। उसने लॉकडाउन के चलते गुटखा न होने की बात कही।
मना करने पर चौकी प्रभारी उसे जबरन चौकी ले गए और उसकी जमकर पिटाई की। उसे फर्जी केस में फंसाकर जेल भेज देने की धमकी भी दी। शुक्रवार को दुकानदार ने परिजनों के साथ सीओ संजय कुमार शर्मा को जानकारी दी। सीओ ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।