कानपुर देहात/झींझक। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरवनखेड़ा के मतगणना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं झींझक में एसडीएम ने निरीक्षण कर गणना काउंटरों की रूपरेखा बनाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी सरवनखेड़ा ब्लॉक में स्थित केएसबीडी पीजी कॉलेज पहुंचे। यहां मतगणना केंद्र बनाया गया है। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। कहा कि भवन में नुकसान को दुरुस्त कराया जाए। यहां एसडीएम अकबरपुर राजीव राज, बीडीओ अशोक कुमार, जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन आदि रहे।
वहीं झींझक स्थित गौरी शंकर द्विवेदी महाविद्यालय में बने मतगणना स्थल का एसडीएम डेरापुर ऋषिकांत राजवंशी, बीडीओ झींझक ने निरीक्षण किया। वहां पर मतगणना काउंटरों के लिए प्लान तैयार किया। बीडीओ झींझक सुमित पटेल व आरओ झींझक सीवी सिंह को जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के मतों की गणना के लिए कक्ष तय किए। एडीओ पंचायत रजनीश वर्मा, प्रजेश कश्यप, राहुल भारती मौजूद रहे। एसडीएम ने बताया कि तीन स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। वहीं, 14 कमरों में मतों की गणना कराई जाएगी।
बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अफसर-कर्मी
कानपुर देहात। जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अधिकारियों/ कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि पंचायत चुनाव को लेकर अधिसूचना 26 मार्च से लगी है। कोई भी अफसर और कर्मी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि बिना उनकी अनुमति के किसी अफसर व कर्मी का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।
आदर्श आचार संहिता उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
कानपुर देहात। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज वर्मा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए तय आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के निर्देश अधीनस्थों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का पालन नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि कानून/सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों को छोड़कर अन्य अधिकारी व कर्मचारी किसी भी सभा या आयोजन में सम्मिलित नहीं होंगे। चुनाव के समय समस्त आम सभाओं को चुनावी सभा माना जाएगा। बिना अनुमति जलूस आदि निकालना भी प्रतिबंधित है।