कानपुर देहात। रविवार को झींझक ब्लाक के प्रधानपुर गांव का औचक निरीक्षण करने पर डीपीआरओ को गंदगी का अंबार मिला। उन्होंने लापरवाही पर गांव के सफाई कर्मी को निलंबित किया है।
झींझक विकासखंड क्षेत्र के प्रधानपुर गांव में जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं हो सका है। सड़क पर ही कीचड़ व गंदा पानी भरा रहता है। गांव में तैनात सफाई कर्मी रामस्वरूप ने साफ-सफाई करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। आरोप है कि सफाई कर्मी गांव से अक्सर नदारद रहता है। रविवार को डीपीआरओ ने प्रधानपुर गांव का औचक निरीक्षण किया तो नालियों में कूड़ा जमा मिला। जिससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैली हुई थी। इसपर डीपीआरओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उसे जिला मुख्यालय पर संबद्ध किया गया है। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि लापरवाही पर प्रधानपुर के सफाई कर्मी रामस्वरूप को निलंबित किया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए मलासा ब्लाक के सहायक विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।