कानपुर सीएसए में जूनियर छात्रों के हॉस्टल पर पथराव, मारपीट के मामले में जांच की गति बेहद सुस्त है। हैरानी की बात है कि जांच कमेटी ने कुलपति प्रो. सुशील सोलोमन के आदेश को भी मजाक बना दिया है।
जिसमें उन्होंने दो दिन में जांच करने को कहा था। कमेटी के रवैये से प्रतीत हो रहा है, जैसे इस मामले की जांच भी पुरानी घटनाओं की तर्ज पर ही करने की तैयारी है। मतलब एक माह में कमेटी बयान लेगी, अगले एक माह सीनियर छात्रों को नोटिस भेजेगी, फिर एक माह बाद जवाब मांगे जाएंगे।
सालभर बाद कार्रवाई होगी। डीएसडब्ल्यू प्रो. हरेश प्रताप सिंह का बयान भी कुछ इसी ओर इंगित कर रहा है। उनका कहना है कि एक-दो दिन में छात्रों से पूछताछ की जाएगी। जांच कब तक पूरी होगी इस सवाल का कोई सटीक जवाब नहीं दे पाए।
कमेटी के सदस्य करेंगे अलग-अलग जांच
प्रो. हरेश प्रताप सिंह ने बताया कि कमेटी के सदस्य अलग-अलग जांच करेंगे। छात्रों के बयान दर्ज किए जाएंगे। उसी आधार पर रिपोर्ट तैयार होगी, जिसे कुलपति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
सामान्य हुआ माहौल, दोस्त बने सीनियर-जूनियर
विश्वविद्यालय का माहौल अब धीरे-धीरे सामान्य होता जा रहा है। जूनियर छात्रों का डर भी अब खत्म होता जा रहा है। शुक्रवार को कैफेटेरिया में कई जूनियर छात्र अपने सीनियर्स संग मस्ती करते दिखे। हालांकि कुछ जूनियर छात्रों का कहना है, कि अभी 15 दिनों तक ऐहतियात बरतना होगा। कब सीनियर्स हमला कर दें, कोई ठिकाना नहीं है।